शिखरिणी छन्द | Shikharini Chhand
छन्द का नामकरण :-
शिखरिणी का बहुत अच्छा प्रयोग हमारे शास्त्रों में किसी षोडशी सुन्दरी युवती के लिये मिलता है। यहाँ पर छन्द का जो नाम रखा गया है वह इसी अर्थ में है।
क्योंकि यह छन्द सुसज्जित नववधू की तरह अलंकारों से ओत-प्रोत, कोमल भावनाओं से भरी हुई दिखाई पड़ता है सम्भवतः इसलिए इसका नाम शिखरिणी रखा गया है।
शिखर नुकीले होते है अर्थात् गगनचुम्बी शिखर होते है-शिखरं विद्यते अस्य इति शिखरी। यहाँ पर मत्वर्थक ‘इनि’ प्रत्यय जोड़कर शिखर शब्द से शिखरी बनेगा।
जैसे गुण से गुणी, धन से धनी इसी प्रकार शिखर से शिखरी बना है।
शिखर शब्द का अर्थ होता है पर्वत (माउन्टेन) और उसी पर्वत का स्त्रीलिंग में जब रुप बनायेगें तो शिखरिणी रुप बनेगा। शिखरिणी को आप छोटा पर्वत कह सकते है।
शिखरिणी छन्द परिचय :-
शिखरिणी छन्द के प्रत्येक चरण में 17 वर्ण है तथा सम्पूर्ण श्लोक में 68 अक्षर है।
यह अत्यष्टी छन्द का भाग है। जिस छन्द के प्रत्येक चरण में यमनसभलाग अर्थात् क्रमश यगण मगण नगण सगण भगण तथा लघु और गुरू होता है।
यही व्यवस्था चारों चरणों में होगी क्योंकि यह समवृत्त छन्द है।
इसमें 6 एवं 11 अक्षर के बाद यति होती है।
शिखरिणी छन्द का लक्षण :-
गंगादास कृत छन्दोमंजरी तथा केदारभट्ट कृत वृत्तरत्नाकर में शिखरिणी छन्द का लक्षण इस प्रकार दिया गया है :-
रसै: रुद्रैश्छिन्ना यमनसभलाग: शिखरिणी।
वृत्तरत्नाकर
लक्षणार्थ:- जिस छन्द में यथाक्रम यगण, मगण, नगण, सगण, भगण, एक लघु और एक गुरु अक्षर हो तो उसे शिखरिणी छन्द कहते है।
पिंगल ‘छन्द सूत्र’ में इस छन्द का लक्षण इस प्रकार प्राप्त होता है।
शिखरिणी य्-मौ न्-सौ भ्-लौ ग् ऋतु रुद्राः
आचार्य पिंगल
लक्षणार्थ:- शिखरिणी छन्द में यगण, मगण, नगण, सगण, भगण, एक लघु और एक गुरु वर्ण होते हैं।
शिखरिणी छन्द का उदाहरण :-
अनाघ्रातं पुष्पं किसलयमलूनं कररुहै-
रनाविद्धं रत्नं मधु नवमनास्वादितरसम्।
अखण्डं पुण्यानां फलमिव च तद्रूपमनघं
न जाने भोक्तारं कमिह समुपस्थास्यति विधि:॥
(अभिज्ञानशाकुन्तलम् 1/10)
यह शकुंतला बिना सूँघा हुआ पुष्प है, नाखूनों से अनछुई कोंपल है, बेदाग रत्न है, अनजाने स्वादवाला ताज़ा शहद है, अखंड पुण्यों का निष्कलंक फल है। विधि न जाने इस (फल) का भोक्ता किसे बनाएगा (कौन बनेगा)
उदाहरण विश्लेषण :-
शिखरिणी छन्द में आने वाले गण एवं उनके चिन्ह :-
यगण मगण नगण सगण भगण ल. गु.
।ऽऽ ऽऽऽ ।।। ।।ऽ ऽ।। ।ऽ
Comments
Post a Comment