स्वावलम्बन / स्वावलंबन का महत्व
(माध्य. शिक्षा बोर्ड, 2023)
स्वावलम्बन की एक झलक पर, न्यौछावर कुबेर का कोष संकेत बिन्दु - 1. प्रस्तावना 2. जीवन में स्वावलम्बन की उपयोगिता 3. स्वावलम्बन के लाभ 4. देश एवं समाज-हित के लिए स्वावलम्बन आवश्यक 5. उपसंहार।
प्रस्तावना-एक नीतिकार का यह कथन 'स्वावलम्बन की एक झलक पर, न्यौछावर कुबेर का कोष' अक्षरशः सत्य है। स्वावलम्बन का गुण ऐसा रत्न है कि उसके सामने धन-दौलत की आवश्यकता नहीं रहती। इस भौतिक जीवन में सफलता प्राप्त करने की सबसे बड़ी शक्ति स्वावलम्बन ही है। यह प्रतिकूल परिस्थितियों में आगे बढ़ने की क्षमता देता है, पराधीनता का विरोध कर परमुखापेक्षी नहीं बनाता है, आत्मविश्वास एवं धैर्य जगाता है और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की ललक पैदा करता है। इस तरह जीवन में स्वावलम्बन का विशेष महत्व है।
2. जीवन में स्वावलम्बन की उपयोगिता-जीवन में स्वावलम्बन ऐसा सम्बल है, जिससे व्यक्ति प्रगति पथ पर बढ़ सकता है। अपने पैरों पर खड़ा होने वाला व्यक्ति प्रत्येक कार्य उत्साह से करता है, यह आलसी नहीं होता है और प्रत्येक काम यथासमय करने का आत्मविश्वास रखता है। कायर, आलसी और अविवेकी लोग जीवन में असफलता मिलने पर देव और ईश्वर को, भाग्य और संसार को दोष देते हैं। ऐसे लोग बात-बात पर दूसरों का सहारा पाने की लालसा रखते हैं, विपत्तियों का सामना नहीं कर पाते हैं और हर समय रोना पछताना उनका स्वभाव बन जाता है। अतएव उन सभी कमियों एवं कमजोरियों का निवारण करने में स्वावलम्बन की उपयोगिता एवं महत्व सर्वोपरि माना जाता है।
3. स्वावलम्बन के लाभ-जीवन में उन्नति, प्रगति, कीर्ति एवं सुख-सम्पन्नता की प्राप्ति स्वावलम्बन से हो हो सकती है। संसार में जितने भी यशस्वी महापुरुष हुए, वे सब स्वावलम्बी थे। अब्राहम लिंकन, महात्मा गाँधी, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर आदि महापुरुष स्वावलम्बन के बल पर जीवन में आकांक्षानुरूप प्रगति कर सके। स्वावलम्बन से सुख मिलता है, क्योंकि स्वावलम्बी व्यक्ति परिश्रमी, उद्यमी, आत्मविश्वासी, कर्मनिष्ठ और साहसी होता है। म्वावलम्बन से आत्मनिर्भरता आती है। आत्मसंस्कार के लिए भी स्वावलम्बन आवश्यक है, क्योंकि ऐसे व्यक्ति में दूषित एवं कलुषित भावनाएँ नहीं रहती हैं। इस तरह स्वावलम्बन के अनेक लाभ हैं।
4. देश एवं समाज हित के लिए स्वावलम्बन आवश्यक स्वावलम्बी व्यक्ति अपने हित के साथ अपने देश और समाज का भी हित करता है। वह अपने आचरण से दूसरों को भी स्वावलम्बन एवं आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है। स्वावलम्बन की भावना का प्रसार होने से हमारा देश स्वतन्त्र हुआ और अल्प समय में विकासशील देशों में अग्रणी बन गया। गाँधीजी ने स्वदेशी का आन्दोलन चलाया था, चर्खे एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया था, जिसका परिणाम हमारे सामने सुखदायी रहा। आज स्वावलम्बन के सहारे ही हमारा सामाजिक जीवन खुशहाल है और भारत राष्ट्र अनेक क्षेत्रों में शक्तिशाली राष्ट्रों की श्रेणी में आ गया है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि स्वावलम्बन के जोश से हमारा राष्ट्र उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है।
5. उपसंहार-हमारे देश में कुछ लोग अपना सामान उठाकर चलने में हीनता समझते हैं, अपने हाथों काम करने में उन्हें लज्जा आती है। इस तरह बड़प्पन का कोरा दिखावा करने वाले स्वावलम्बन का महत्त्व नहीं समझते हैं। अतएव जीवन में सुख-शान्ति, यश-वैभव प्राप्त करने, देश और समाज का हित सम्पादन करने हेतु स्वावलम्बन अपनाना आवश्यक है।
Comments
Post a Comment